महरौनी में गूंजा रामनाम: श्री राम की भव्य नगर भ्रमण शोभायात्रा का आयोजन

महरौनी, ललितपुर।
कस्बा महरौनी के टीकमगढ़ रोड स्थित बगियावाले हनुमान जी मंदिर के समीप श्री श्री 1008 श्री राम जानकी मंदिर में भगवान श्रीराम, लक्ष्मण एवं माता जानकी की प्राण प्रतिष्ठा का भव्य आयोजन 25 अप्रैल से निरंतर जारी है। धार्मिक आस्था और उत्साह से ओतप्रोत इस आयोजन की श्रृंखला में मंगलवार को विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
मंगलवार शाम लगभग 5 बजे सहस्त्रधारा (हजारा) अभिषेक के साथ भगवान श्रीराम, लक्ष्मण एवं माता जानकी की मूर्तियों की अचल प्राण प्रतिष्ठा विधि-विधान से संपन्न कराई जा रही हैं। इसी क्रम में आज मंगलवार को श्री जी की भव्य नगर भ्रमण शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था।
नगर भ्रमण शोभायात्रा श्री रामजानकी मंदिर परिसर से प्रारंभ होकर मुख्य बाजार, श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर, श्री गणेश मंदिर एवं श्री बड़ी देवी मंदिर होते हुए पुनः मंदिर परिसर पहुंची। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं द्वारा शोभायात्रा का जोरदार स्वागत किया गया, भगवान की आरती उतारी गई तथा पुष्प वर्षा कर अभिनंदन किया गया।
शोभायात्रा में सजे-धजे रथ पर भगवान श्रीराम, माता जानकी एवं भ्राता लक्ष्मण विराजमान रहे। श्रद्धालु महिलाएं एवं युवतियां भक्ति भजनों पर झूमते-नाचते हुए चल रही थीं, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
कार्यक्रम के समापन पर मंदिर परिसर में प्रसाद वितरण किया गया। आयोजन में सैकड़ों श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही। वहीं, यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए एसआई अरविंद सिंह के नेतृत्व में पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद रहा।
संवाददाता शैलेन्द्र नायक महरौनी
▶️पत्रकार रामजी तिवारी मड़ावरा
▶️संपादक टाइम्स नाउ बुन्देलखण्ड
▶️खबरों एवं जुड़ने के लिए सम्पर्क करें 👇
▶️9455422423,9695121690




