*पट्टाचार्य आचार्य विशुद्ध सागर महामुनिराज की भव्य अगवानी, टीकमगढ़ में उमड़ा श्रद्धा का सागर*

टीकमगढ़। शहर के मध्य स्थित महावीर जिनालय में 14 अप्रैल से 20 अप्रैल 2026 तक आयोजित श्रीमद जिनेंद्र पंचकल्याणक श्री 1008 शांतिनाथ जिनबिंब प्रतिष्ठा महोत्सव का शुभारंभ आज अत्यंत भव्यता और श्रद्धा के साथ हुआ। इस अवसर पर पट्टाचार्य आचार्य विशुद्ध सागर महामुनिराज का आगमन हुआ, जिनकी अगवानी का दृश्य इतना अलौकिक था कि मानो स्वर्ग से कोई देवता धरती पर अवतरित हुआ हो।
धर्म प्रभावना समिति के अध्यक्ष नरेंद्र जनता ने जानकारी देते हुए बताया कि आचार्य श्री का सान्निध्य प्राप्त होना पूरे टीकमगढ़ के लिए सौभाग्य का विषय है। प्रातः 7 बजे पपौरा जी से पुरानी टेहरी तालाब तक उनकी भव्य अगवानी की गई, जिसमें हजारों श्रद्धालु शामिल हुए।
अगवानी यात्रा में सबसे आगे धर्म ध्वजा के साथ चार सुसज्जित हाथियों द्वारा नमोस्तु अर्पित किया गया। इसके पश्चात ऊंट-घोड़े, विभिन्न म्यूजिकल ग्रुप—दयोदय, वर्धमान, आदिनाथ एवं अहिंसा ग्रुप—की मनमोहक प्रस्तुतियां रहीं। बग्गियों में प्रमुख पात्र सवार थे, वहीं महाराष्ट्र का नादली बैंड एवं उदयपुर (राजस्थान) के बैंड ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। 21 महिला रेजीमेंट विशेष वेशभूषा में भगवान के भजनों पर नृत्य करती हुई आकर्षण का केंद्र बनी।
जैन आगम पाठशाला के बच्चों, विभिन्न मंदिर समितियों के पदाधिकारियों, सामाजिक संगठनों एवं नगर के जनप्रतिनिधियों ने जगह-जगह आचार्य श्री का स्वागत किया। नगर के विभिन्न स्थानों—कटरा बाजार, रतन चौराहा, सिंधी धर्मशाला, नंदीश्वर कॉलोनी एवं सांसद निवास—पर श्रद्धालुओं ने चरण प्रक्षालन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
कार्यक्रम के अंतर्गत 16 अप्रैल को चातुर्मास स्थापना हेतु विभिन्न समाजों के धर्मगुरु एवं जनप्रतिनिधि श्रीफल भेंट करेंगे।
त्याग और तपस्या का अद्भुत दृश्य होगा साकार
17 अप्रैल 2026 को प्रातः 8 बजे भव्य जिनेश्वरी दीक्षा का आयोजन होगा, जिसमें ब्रह्मचारी राजीव भैया (टीकमगढ़), आदेश भैया (टेहरका) एवं विकास गांधी (पुणे, महाराष्ट्र) दीक्षा ग्रहण करेंगे। यह ऐतिहासिक क्षण टीकमगढ़ के इतिहास में पहली बार देखने को मिलेगा, जिसे देखने देशभर से श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।
महावीर जिनालय पहुंचने पर ध्वजारोहण, पंडाल उद्घाटन एवं मंच उद्घाटन कार्यक्रम सम्पन्न हुए। इसके पश्चात आचार्य श्री के ओजस्वी प्रवचनों का लाभ टीकमगढ़ वासियों को प्राप्त हुआ, जिससे सम्पूर्ण नगर धर्ममय वातावरण में सराबोर हो उठा।
▶️पत्रकार रामजी तिवारी मड़ावरा
▶️चीफ एडिटर टाइम्स नाउ बुन्देलखण्ड
▶️विज्ञापन एवं जुड़ने के लिए सम्पर्क करें 👇
▶️9455422423,9695121690




