आज से नवागढ़ में प्राकृत भाषा त्रिदिवसीय प्रशिक्षण शिविर प्राकृत भाषा के वरिष्ठ विद्वान देंगे शिक्षकों को प्रशिक्षण

ललितपुर। भारत सरकार द्वारा शास्त्रीय भाषा के रूप में घोषित प्राकृत भाषा के संरक्षण, संवर्धन और व्यापक प्रसार के उद्देश्य से प्राकृत भाषा विकास फाउण्डेशन एवं प्रागैतिहासिक तीर्थक्षेत्र नवागढ़ के संयुक्त तत्वावधान में 12 से 14 अप्रैल 2026 तक त्रिदिवसीय प्राकृत भाषा प्रशिक्षण शिविर का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर प्रागैतिहासिक एवं पवित्र तीर्थस्थल नवागढ़ में आयोजित होगा, जहाँ देशभर से विद्वान, शिक्षक एवं साधक सहभागिता करेंगे।
प्राकृत भाषा विकास फाउण्डेशन के महामंत्री डॉ. आशीष जैन आचार्य ने बताया कि 12 अप्रैल प्रातः 8 बजे उद्घाटन सत्र एवं 14 अप्रैल दोपहर 2 बजे समापन समारोह आयोजित होगा।
नवागढ़ तीर्थक्षेत्र के प्रचारमंत्री डॉ सुनील संचय ने बताया कि इस आयोजन में निदेशक ब्र. जयकुमार जैन निशांत , प्राकृत भाषा विकास फाउण्डेशन के अध्यक्ष प्रो. ऋषभचन्द फौजदार (दमोह), महामंत्री डॉ. आशीष जैन आचार्य (शाहगढ़) के साथ-साथ श्री दिगम्बर जैन अतिशय क्षेत्र नवागढ़ के अध्यक्ष एड. सनतकुमार जैन (ललितपुर) एवं महामंत्री वीरचन्द जैन नैकोरा की विशेष भूमिका रहेगी। शिविर के सफल संचालन हेतु प्रशिक्षण प्रभारी डॉ. शैलेष जैन (उदयपुर), डॉ आशीष दमोह, शिविर समन्वयक अरुण शास्त्री (जबलपुर), शिविर संयोजक सुनील शास्त्री (बड़गाँव) एवं क्षेत्र मैनेजर प्रवीण जैन (नवागढ़) सक्रिय रूप से कार्यरत हैं।
इस प्रशिक्षण शिविर में प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले शिक्षक, विद्वान देशभर में ग्रीष्मकालीन समय में आयोजित होने जा रहे प्राकृत शिविरों में शिक्षण प्रदान करेंगे।
निदेशक ब्र. जयकुमार निशांत ने अपने उद्बोधन में कहा कि प्राकृत भाषा केवल अध्ययन का विषय नहीं, बल्कि जीवन जीने की कला है। इस शिविर के माध्यम से हम नई पीढ़ी को इस अमूल्य धरोहर से जोड़ने का प्रयास कर रहे हैं।

▶️पत्रकार रामजी तिवारी मड़ावरा
▶️चीफ एडिटर टाइम्स नाउ बुन्देलखण्ड
▶️विज्ञापन एवं जुड़ने के लिए सम्पर्क करें 👇
▶️9455422423,9695121690




