जयंतीटाइम्स नाउ बुन्देलखण्डधर्मपर्वमहरौनीललितपुरसनातन धर्म

महरौनी में गूंजा जय श्रीराम: हनुमान जन्मोत्सव पर निकली भव्य शोभायात्रा, भक्तिभाव से सराबोर हुआ नगर

महरौनी (ललितपुर)।
हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर गुरुवार को कस्बा महरौनी श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के रंग में रंगा नजर आया। सुबह से ही नगर पंचायत के माइक से गूंजते “सीताराम” के मधुर भजन पूरे वातावरण को भक्तिमय बना रहे थे, जिससे हर गली और चौक आस्था से ओत-प्रोत दिखा।
नगर के प्रमुख मंदिरों—बालाजी मंदिर, किले के हनुमान जी मंदिर, बगिया वाले हनुमान मंदिर और बैदपुर सरकार—में भगवान हनुमान जी की विशेष पूजा-अर्चना की गई। मंदिरों में सुबह से ही सुंदरकांड पाठ और हनुमान चालीसा का आयोजन चलता रहा। नगर में जगह-जगह ध्वज, पताकाएं और बैनर-होर्डिंग लगाकर उत्सव का भव्य स्वागत किया गया।
शाम करीब छह बजे किले के हनुमान जी मंदिर एवं बालाजी मंदिर से भव्य शोभायात्रा का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री मनोहर लाल पंथ ने भगवान राम दरबार की आरती कर शोभायात्रा को ध्वजा दिखाकर रवाना किया।
शोभायात्रा में सजे-धजे वाहनों पर भगवान के आकर्षक चित्र श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बने रहे। आगे-आगे अखाड़ा दल अपने हैरतअंगेज करतबों का प्रदर्शन कर रहे थे, वहीं भजन-कीर्तन मंडलियां भक्तिरस में सराबोर माहौल बना रही थीं। डीजे पर बजते भक्ति गीतों की धुन पर नवयुवक झूमते नजर आए और “जय श्रीराम” के गगनभेदी नारों से पूरा नगर गूंज उठा।
नगर पंचायत अध्यक्ष नीलम दुष्यंत बडौनिया सहित ब्राह्मण महामंडल, साहू समाज, हिंदू मंच एवं अन्य सामाजिक संगठनों द्वारा शोभायात्रा का जगह-जगह भव्य स्वागत किया गया। श्रद्धालुओं के लिए मार्ग में फल, ठंडाई, खीर और शर्बत का वितरण कर सेवा भाव का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया गया।
यह शोभायात्रा रामलीला मैदान, मंडी रोड, ललितपुर रोड, इंदिरा चौराहा, मुख्य बाजार और गांधी चौक होते हुए बड़ी देवी मंदिर पहुंची तथा पुराना बाजार से वापस रामलीला मैदान होते हुए किले के हनुमान जी मंदिर पर आकर संपन्न हुई।
समापन पर भगवान की विधिवत आरती उतारी गई और श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। पूरे आयोजन में भारी संख्या में श्रद्धालुओं की सहभागिता रही और देर रात तक नगर में भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा।

संवाददाता शैलेन्द्र नायक महरौनी

▶️पत्रकार रामजी तिवारी मड़ावरा
▶️चीफ एडिटर टाइम्स नाउ बुन्देलखण्ड
▶️विज्ञापन एवं जुड़ने के लिए सम्पर्क करें 👇
▶️9455422423,9695121690

Share this post to -

Related Articles

Back to top button