भक्ति, उल्लास और आस्था का संगम: भगवान महावीर जन्मकल्याणक पर निकली भव्य शोभायात्रा

महरौनी (ललितपुर)।
नगर में सोमवार को भगवान महावीर स्वामी के जन्मकल्याणक महोत्सव पर सकल दिगम्बर जैन समाज द्वारा श्रद्धा एवं उल्लास के साथ भव्य कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत मंगलाष्टक से हुई, जिसके बाद अभिषेक एवं शांतिधारा विधिवत संपन्न हुई। तत्पश्चात श्री अजितनाथ दिगम्बर जैन बड़ा मंदिर से आकर्षक श्रीजी विमान शोभायात्रा निकाली गई। तीन सुसज्जित विमानों के साथ निकली यह शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई इंद्रा चौराहा तक पहुंची, जहां श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर रहा।
शोभायात्रा में पुरुष सफेद वस्त्रों में तथा महिलाएं पीतवर्णी साड़ियों में सुसज्जित होकर शामिल हुईं। जगह-जगह हुई पुष्पवर्षा ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। नगरवासियों ने रंगोली सजाकर एवं आरती उतारकर शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया।
नगर पंचायत अध्यक्ष नीलम दुष्यंत बडौनिया ने परिवार सहित श्रीजी की आरती उतारी। वहीं युवा ब्राह्मण महामंडल के पदाधिकारियों ने पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं का अभिनंदन किया।
शोभायात्रा के उपरांत मंदिर परिसर में भगवान महावीर का जन्मकल्याणक अभिषेक संपन्न हुआ। श्री चंद्रप्रभु जिनालय में भी अभिषेक, भक्तामर स्तोत्र पाठ, पालना झुलाने एवं आरती का आयोजन हुआ, जिसमें समाज के महिला-पुरुषों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कार्यक्रम में शांतिधारा का सौभाग्य अभिनंदन चौधरी, ऋषभ कठरया, राजेन्द्र पड़वा, महेंद्र पठा, प्रशांत सिंघई वंटी एवं सुनील डेवडिया को प्राप्त हुआ। चंवर ढुलाने का सौभाग्य अनिल सिलौनया तथा आरती का सौभाग्य अखिल भारतीय महिला परिषद को मिला।
इस आयोजन को सफल बनाने में दिगम्बर जैन पंचायत समिति, श्री यशोदय तीर्थ कमेटी, श्री चंद्रप्रभु जिनालय कमेटी, अखिल भारतीय महिला परिषद, श्री अजितनाथ युवा मंडल एवं व्यायामशाला समिति का विशेष सहयोग रहा।
शोभायात्रा के दौरान यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था नगर इंचार्ज निखिल मलिक के नेतृत्व में चाक-चौबंद रही।
▶️पत्रकार रामजी तिवारी मड़ावरा
▶️चीफ एडिटर टाइम्स नाउ बुन्देलखण्ड
▶️विज्ञापन एवं जुड़ने के लिए सम्पर्क करें 👇
▶️9455422423,9695121690




