भक्ति और धर्मघोष के बीच श्री चंद्रप्रभु जिनालय में यागमंडल विधान संपन्न

महरौनी, ललितपुर।
नगर के मड़ावरा रोड स्थित श्री चंद्रप्रभु दिगंबर जैन समवसरण मंदिर में आयोजित श्री 1008 यागमंडल विधान, वेदी प्रतिष्ठा एवं श्रीजी विराजमान का तीन दिवसीय भव्य धार्मिक आयोजन मंगलवार को विधि-विधान और भक्तिभाव के साथ संपन्न हो गया। समापन अवसर पर मंदिर परिसर जिनेंद्र भक्ति, शांतिधारा और धर्मघोष से गुंजायमान रहा।
यह पावन आयोजन परम पूज्य जगतपूज्य श्री सुधासागर जी महाराज की प्रेरणा से संपन्न हुआ। अंतिम दिवस प्रातः अभिषेक, शांतिधारा एवं नित्य पूजन के उपरांत समवसरण मंदिर में नववेदिकाओं पर भगवान जिनेंद्र की प्रतिमाओं को विधिवत पूजन के साथ विराजमान कराया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उपस्थित होकर पुण्यलाभ अर्जित किया।
तीन दिनों तक चले आयोजन में यागमंडल विधान, यज्ञ अनुष्ठान, पूजन, आरती-भजन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए। समस्त धार्मिक क्रियाएं प्रतिष्ठाचार्य देवेश शास्त्री (द्रोणगिर) के निर्देशन में संपन्न हुईं, वहीं संगीतकार सुनील एंड पार्टी के भजनों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
आयोजक मंडल के अनुसार आयोजन से समाज में धार्मिक चेतना को नई ऊर्जा मिली। समापन पर सकल दिगंबर जैन समाज महरौनी ने सहयोग देने वाले दानदाताओं, कार्यकर्ताओं एवं श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में श्री चंद्रप्रभु जिनालय मंदिर कमेटी एवं सकल दिगंबर जैन समाज का विशेष योगदान रहा!
पत्रकार रामजी तिवारी मड़ावरा
चीफ एडिटर टाइम्स नाउ बुन्देलखण्ड
विज्ञापन एवं जुड़ने के लिए सम्पर्क करें 👇
9455422423,9695121690




