स्मार्ट मीटर से गलत बिलिंग का आरोप परेशान उपभोक्ताओं ने डीएम से की शिकायत

ललितपुर। जिले में स्मार्ट मीटर के माध्यम से गलत विद्युत बिल जारी किए जाने से परेशान उपभोक्ताओं ने जिलाधिकारी से शिकायत कर समस्या के समाधान की मांग की है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि विद्युत विभाग द्वारा लगाए गए स्मार्ट मीटरों से अत्यधिक बिलिंग की जा रही है, जिससे आम जनता को आर्थिक और मानसिक परेशानी झेलनी पड़ रही है। शिकायत में बताया गया कि स्मार्ट मीटर लगाते समय विभागीय कर्मचारियों ने उपभोक्ताओं को भरोसा दिलाया था कि उन्हें केवल उपयोग की गई बिजली के अनुसार ही बिल देना होगा और किसी प्रकार की त्रुटि नहीं होगी। लेकिन वर्तमान में कई उपभोक्ताओं को बढ़ा-चढ़ाकर बिल भेजे जा रहे हैं, जिनकी जानकारी उन्हें बिजली सप्लाई कटने के बाद होती है। उपभोक्ताओं का कहना है कि गलत बिल के बावजूद उनसे अग्रिम धनराशि जमा कराई जा रही है और पूरा भुगतान होने के बाद ही बिजली आपूर्ति बहाल की जाती है। इस कारण लोग रोजाना विभागीय कार्यालयों के चक्कर लगाने को मजबूर हैं, जबकि कर्मचारियों द्वारा समस्या को टालने का आरोप भी लगाया गया है। शिकायतकर्ताओं ने जिलाधिकारी से मांग की है कि गलत बिलिंग के लिए जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए तथा समस्या का जल्द समाधान कराया जाए। साथ ही यह भी मांग की गई है कि जब तक बिलों का संशोधन न हो जाए, तब तक उपभोक्ताओं की विद्युत आपूर्ति बाधित न की जाए।
▶️पत्रकार रामजी तिवारी मड़ावरा
▶️चीफ एडिटर टाइम्स नाउ बुन्देलखण्ड
▶️विज्ञापन एवं जुड़ने के लिए सम्पर्क करें 👇
▶️9455422423,9695121690




