जैन धर्मजैन समाजटाइम्स नाउ बुन्देलखण्डटीकमगढ़धर्म

टीकमगढ़ में भव्य जिनेश्वरी दीक्षा एवं पंचकल्याणक महोत्सव, आचार्य विशुद्ध सागर महाराज की होगी अद्भुत अगवानी

टीकमगढ़। शहर के मध्य स्थित महावीर जिनालय में 14 अप्रैल से 20 अप्रैल 2026 तक श्रीमद जिनेंद्र पंचकल्याणक एवं श्री 1008 शांतिनाथ जिनबिंब प्रतिष्ठा महोत्सव भव्य रूप से आयोजित होने जा रहा है। इस पावन आयोजन में पट्टाचार्य आचार्य विशुद्ध सागर महाराज का सानिध्य प्राप्त होगा, जिनकी अगवानी 14 अप्रैल को अत्यंत भव्य और ऐतिहासिक रूप में की जाएगी।

धर्म प्रभावना समिति के अध्यक्ष नरेंद्र जनता ने जानकारी देते हुए बताया कि आचार्य श्री की अगवानी प्रातः 7:00 बजे पपौरा जी से प्रारंभ होकर प्रातः 8:00 बजे पुरानी टेहरी तालाब से नगर भ्रमण के रूप में निकलेगी। इस विशाल शोभायात्रा में सबसे आगे धर्म ध्वजा एवं हाथी रहेंगे, जिनके द्वारा आचार्य श्री को नमोस्तु अर्पित किया जाएगा। इसके पश्चात ऊंट-घोड़े, विभिन्न म्यूजिकल ग्रुप, बैंड दल तथा आकर्षक झांकियां शामिल होंगी।

शोभायात्रा में महाराष्ट्र एवं राजस्थान के प्रसिद्ध बैंड, 18 महिला रेजीमेंट, जैन आगम पाठशाला के विद्यार्थी तथा विभिन्न मंदिर समितियों के पदाधिकारी विशेष वेशभूषा में भाग लेंगे। नगर के विभिन्न स्थानों—पपौरा चौराहा, नगर भवन, कटरा बाजार, रतन चौराहा, जामा मस्जिद, सिंधी धर्मशाला सहित अनेक स्थानों पर विभिन्न समाजों, जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों द्वारा आचार्य श्री की अगवानी की जाएगी।

इस अवसर पर सभी समाजों के लोग आचार्य श्री का चरण प्रक्षालन कर आशीर्वाद प्राप्त करेंगे, जो सामाजिक समरसता का अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत करेगा।

16 अप्रैल को श्रीफल भेंट कार्यक्रम

16 अप्रैल को प्रातः 8:00 बजे टीकमगढ़ जिले के विभिन्न धर्मगुरु, जनप्रतिनिधि एवं दिगंबर जैन समाज द्वारा आचार्य श्री को चातुर्मास हेतु श्रीफल भेंट किया जाएगा।

17 अप्रैल को ऐतिहासिक जिनेश्वरी दीक्षा

महोत्सव के अंतर्गत 17 अप्रैल 2026 को प्रातः 8:00 बजे भव्य जिनेश्वरी दीक्षा का आयोजन होगा। इस ऐतिहासिक अवसर पर ब्रह्मचारी राजीव भैया (टीकमगढ़), आदेश भैया (टेहरका) एवं विकास गांधी (पुणे, महाराष्ट्र) दीक्षा ग्रहण करेंगे। यह दृश्य त्याग, तपस्या और वैराग्य का अद्वितीय उदाहरण प्रस्तुत करेगा, जिसे देखने देशभर से श्रद्धालु टीकमगढ़ पहुंच रहे हैं।
मंदिर परिसर में होंगे विविध आयोजन

महावीर जिनालय पहुंचने पर ध्वजारोहण, पंडाल एवं मंच उद्घाटन के साथ कार्यक्रमों की शुरुआत होगी। तत्पश्चात आचार्य श्री के प्रवचनों का लाभ श्रद्धालुओं को प्राप्त होगा।

यह महोत्सव न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र बनेगा, बल्कि टीकमगढ़ नगर के इतिहास में एक भव्य और अविस्मरणीय आयोजन के रूप में दर्ज होगा।

▶️पत्रकार रामजी तिवारी मड़ावरा
▶️चीफ एडिटर टाइम्स नाउ बुन्देलखण्ड
▶️विज्ञापन एवं जुड़ने के लिए सम्पर्क करें 👇
▶️9455422423,9695121690

Share this post to -

Related Articles

Back to top button