LUCC कंपनी घोटाले से बढ़ी लोगों की परेशानी, भुगतान न मिलने पर अधिकारियों को सौंपा ज्ञापन

महरौनी, ललितपुर।
LUCC कंपनी से जुड़ा भुगतान न मिलने का मामला शहर में गंभीर रूप लेता जा रहा है। महरौनी नगर के मंडी रोड स्थित दर्जनों नागरिकों ने कंपनी के स्थानीय एजेंट पर लाखों रुपये लेकर फरार होने का आरोप लगाते हुए तहसील समाधान दिवस में अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा।
पीड़ितों ने बताया कि वे लंबे समय से अपनी जमा पूंजी वापस मिलने की प्रतीक्षा कर रहे हैं, लेकिन कंपनी द्वारा अब तक एक भी रुपये की अदायगी नहीं की गई है। इससे उनकी घरेलू व्यवस्थाएं बुरी तरह प्रभावित हो चुकी हैं। कई पीड़ितों ने यह भी कहा कि उनके घरों में विवाह और अन्य पारिवारिक कार्यक्रम निर्धारित हैं, जिनके लिए वे पैसे जोड़ रहे थे। एजेंट के कथित रूप से लाखों रुपये लेकर फरार हो जाने से उनकी आर्थिक स्थिति बिगड़ गई है और उन्हें गंभीर संकट का सामना करना पड़ रहा है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पीड़ित लोगों ने पुलिस अधीक्षक से भी मुलाकात की और ज्ञापन सौंपकर उचित कार्रवाई की मांग की। उनका कहना है कि समय पर भुगतान न मिलने से उनके कार्यक्रम भी प्रभावित हो सकते हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि LUCC कंपनी और उसके एजेंट की गहराई से जांच की जाए, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई हो तथा उनकी मेहनत की कमाई शीघ्र लौटाई जाए, ताकि वे आर्थिक संकट से उबर सकें।
पत्रकार रामजी तिवारी मड़ावरा
चीफ एडिटर टाइम्स नाउ बुन्देलखण्ड
विज्ञापन एवं जुड़ने के लिए सम्पर्क करें 👇
9455422423,9695121690




