महिला सुरक्षा सम्मान को समर्पित जागते रहो भारत यात्रा का जनपद में हुआ भव्य स्वागत

ललितपुर। महिला सुरक्षा सम्मान को समर्पित जागते रहो भारत यात्रा सोमवार को ललितपुर पहुंची। जनपद आगमन पर कनक जन कल्याण समिति के अध्यक्ष जयेश बादल ने संस्था के कार्यकर्ताओं के साथ यात्रा का स्वागत किया।
तत्पश्चात गणेश शंकर विद्यार्थी पत्रकार भवन में एक प्रेस वार्ता का आयोजन हुआ।
प्रेसवार्ता में जागते रहो भारत यात्रा के संयोजक राजेंद्र कुमार ने यात्रा के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि हम सभी 21वीं सदी की सभ्य दुनिया के सभ्य लोग हैं, लेकिन समाज की आधी आबादी (महिला वर्ग) आज भी भेदभाव और सुरक्षा का सामना करने के लिए अभिशप्त है। महिला अपराध और दुष्कर्म की आए दिन होने वाली घटनाओं में भारतीय जनमानस को गहरी चिंता में डाल दिया है। इसलिए जिला स्तर पर सामाजिक कार्यकर्ताओं, मनोवैज्ञानिक, पुलिस अधिकारी और न्याय अधिकारियों की समन्वय समिति गठित कर तिमाही बैठक सुनिश्चित करनी चाहिए।
उन्होंने बताया कि महिला सुरक्षा और सम्मान के लिए “जागते रहो भारत यात्रा” माउन्ट आबू से आठ मार्च को शुरू की गई है। देश के बीस राज्यों में बारह हजार किलोमीटर का सफर तयकर सात जून को इस अभियान का प्रथम चरण का दिल्ली में समापन होगा।
यात्रा के दौरान विभिन्न गतिविधियां शामिल की गई हैं जिनमें पचास शहरों में स्थानीय समाज के साथ पदयात्रा, पचास स्थानों पर सामाजिक, शैक्षणिक संस्थाओं की भागीदारी से कार्यशाला, सम्मेलन आयोजन, मार्ग के जिला मुख्यालयों पर जिला कलैक्टर के माध्यम से राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री को ज्ञापन, नुक्कड़ नाटक, जागरुकता सामग्री वितरण, यात्रा मार्ग पर मीडिया से संवाद, स्थानीय समविचार नागरिक समूह को अभियान चलाने के लिए तैयार करना।
महिला सुरक्षा से संबंधित पोस्टर सभी पत्रकारों को वितरित किए गए। संचालन कर रहे जयेश बादल ने बताया कि जागते रहो भारत यात्रा महिला सुरक्षा और सम्मान के लिए है।
इस अवसर पर संरक्षक मंजीत सिंह सलूजा, प्रेस क्लब अध्यक्ष राजीव बबेले सप्पू, वरिष्ठ उपाध्यक्ष विजय जैन कल्लू, महामंत्री अमित सोनी, अजित जैन भारती एवं प्रेस क्लब रजि के अनेक पत्रकार साथी उपस्थित रहे।
प्रेस वार्ता के पश्चात प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय वरदानी भवन में राजयोगिनी बीके चित्ररेखा दीदी ने यात्रा में आए हुए सभी भाई-बहनों का स्वागत किया और यात्रा की सफलता की मंगलकामना की।
इस अवसर पर यात्रा में अन्य आए साथी जिसमें कृष्णा सिंह मप्र , जम्मूबेन गुजरात, जलंधर नाथ महाराष्ट्र, शरद शाबल महेश्वर, मध्य प्रदेश, डॉ० विकास प्रजापति छत्तीसगढ़, के अलावा सुनील जैन आबू, राजयोगिनी बीके मायारानी दीदी, बीके गीता बहन, बीके प्रीति बहन, बीके रुबी बहन, बीके प्रियंका बहन, बीके निशा बहन, बीके पूजा बहन, बीके शिवानी बहन, बीके विद्यासागर भाई एवं अनेक भाई-बहन उपस्थित रहे।
कनक जन कल्याण समिति के अध्यक्ष जयेश बादल ने सफलता की कामना के साथ जागते रहो भारत यात्रा को मध्य प्रदेश के लिए विदा किया।
पत्रकार रामजी तिवारी मड़ावरा
चीफ एडिटर टाइम्स नाउ बुन्देलखण्ड
Timesnowbundelkhand.com