होली के संदेश संग गूंजी काव्यधारा साहित्य भारती समिति महरौनी की मासिक काव्य गोष्ठी संपन्न, कवियों ने दिया प्रेम और सौहार्द का संदेश,

महरौनी,ललितपुर।
साहित्यिक सरोकारों को सशक्त करने वाली साहित्य भारती समिति महरौनी की मासिक काव्य गोष्ठी पंडित सुखनंदन तिवारी की अध्यक्षता में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुई। कार्यक्रम का शुभारंभ मां वीणापाणि सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पुष्प अर्पण के साथ हुआ।
तत्पश्चात मां सरस्वती की वंदना से गोष्ठी का विधिवत आरंभ किया गया।
वरिष्ठ कवि प्रभु दयाल पटेरिया ने बसंत गीत एवं ‘बेटी स्वाभिमान’ पर आधारित भावपूर्ण कविता प्रस्तुत कर श्रोताओं की भरपूर सराहना प्राप्त की। कवि अनिरुद्ध सिंह राठौर ने ओजस्वी कविता के माध्यम से जोश और ऊर्जा का संचार किया। रामेश्वर प्रसाद सोनी ने व्यंग्य रचना प्रस्तुत कर समसामयिक परिस्थितियों पर तीखा प्रहार किया, वहीं असरार खान ने देशभक्ति से ओतप्रोत कविता सुनाकर वातावरण को राष्ट्रभावना से सराबोर कर दिया।
कवि हलकारण ‘चंचल’ ने सामाजिक सौहार्द का संदेश देते हुए पंक्तियां प्रस्तुत कीं—
“आज में नफरत जली है, आज मेरे गांव में,
एक दूजे से करें अनुराग, आज मेरे गांव में।”
उनकी प्रस्तुति को श्रोताओं ने खूब सराहा।
कवि क्षमाधर प्रसाद ‘क्षमा’ ने होली के सांस्कृतिक और सामाजिक महत्व को रेखांकित करते हुए प्रभावशाली पंक्तियां पढ़ीं—
“सदा शाश्वत रीत रहे होली जेल कुरीति की,
राग द्वेष ह्रस्व हो जावे, बढ़े बेल प्रीति की।”
इन पंक्तियों ने गोष्ठी में प्रेम, सद्भाव और कुरीतियों के अंत का संदेश दिया, जिस पर उपस्थित साहित्यप्रेमियों ने ‘वाह-वाह’ कर उत्साहवर्धन किया।
कवि राजेश तिवारी ने विरह गीत प्रस्तुत कर भावनाओं को स्पर्श किया।
इस अवसर पर पंडित सुखनंदन तिवारी, प्रभु दयाल पटेरिया, रामेश्वर प्रसाद सोनी, अनिरुद्ध सिंह राठौर, हलकारण चंचल, वैदिक, राजेश तिवारी, विधान, असरार अली, क्षमाधर प्रसाद क्षमा, श्रीकांत गौतम, एडवोकेट महिपाल सिंह सिकरवार सहित अनेक साहित्यप्रेमी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन कैलाश नारायण सिसौदिया ने कुशलतापूर्वक किया।
अध्यक्षीय संबोधन में पंडित सुखनंदन तिवारी ने सभी रचनाकारों एवं उपस्थित महानुभावों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि साहित्य समाज को दिशा देने का सशक्त माध्यम है और ऐसी गोष्ठियां सामाजिक समरसता को सुदृढ़ करती हैं!
पत्रकार रामजी तिवारी मड़ावरा
चीफ एडिटर टाइम्स नाउ बुन्देलखण्ड
विज्ञापन एवं जुड़ने के लिए सम्पर्क करें 👇
9455422423,9695121690




