*जिलाधिकारी के निर्देश पर नकली उर्वरक विक्रेता के विरुद्ध दर्ज हुई एफआईआर* *जनपद में यदि कोई भी नकली उर्वरक व फसल कीटनाशक दवाओं की बिकी करते पाया गया तो होगा मुकदमा दर्ज*

ललितपुर। किसानों के हितों के संरक्षण के प्रति प्रतिबद्ध जिला प्रशासन ने नकली उर्वरक विक्रेता के विरुद्ध कठोर कार्यवाही का स्पष्ट संदेश दिया है।
जिलाधिकारी श्री सत्य प्रकाश को कलैक्ट्रेट परिसर में आयोजित अपनी नियमित जनसुनवाई के दौरान कुछ किसानों द्वारा शिकायत प्राप्त हुई कि महरौनी क्षेत्र के एक खाद विक्रेता से खरीदी गई डीएपी उर्वरक के प्रयोग के उपरान्त उनकी फसल कुछ ही समय में पीली पड़कर सूखने लगी। किसानों ने आशंका व्यक्त की कि उन्हें अमानक अथवा नकली उर्वरक बेचा गया है, जिससे उनकी मेहनत और लागत पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है।
*शिकायत को अत्यन्त गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल उप जिलाधिकारी महरौनी एवं जिला कृषि अधिकारी श्री राजीव भारती को मौके पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश दिये, जांच के दौरान सम्बंधित खेत में फसल पीली पड़ने की स्थिति पायी गई तथा प्रथम दृष्टया फसल पर नकली अथवा अमानक उर्वरक के दुष्प्रभाव के संकेत मिले। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी द्वारा एक जांच समिति गठित की गई, समिति द्वारा सम्बंधित विक्रेता के यहां उपलब्ध उर्वरक के नमूने विधिवत अधिग्रहीत कर अधिकृत रूप से परीक्षण हेतु लखनऊ स्थित प्रयोगशाला को भेजे गए, प्राप्त परीक्षण रिपोर्ट में नमूना अमानक पाया गया, जिससे किसानों की शिकायत सही सिद्ध हुई। तत्पश्चात जिलाधिकारी के निर्देश पर सम्बंधित खाद विक्रेता मे० देवता ट्रेडर्स के विरुद्ध थाना महरौनी में एफआईआर दर्ज करायी गई तथा विधिक प्रावधानों के अंतर्गत कठोर कार्यवाही की प्रकिया प्रारंभकर दी गई है।*
जिलाधिकारी श्री सत्य प्रकाश ने स्पष्ट कहा है कि जनपद में यदि कोई भी विक्रेता नकली अथवा अमानक उर्वरक एवं फसल कीटनाशक दवाओं की बिकी करते हुए पाया गया तो उसे किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे तत्वों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कठोरतम कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने यह भी अवगत कराया कि इसके लिए सम्बंधित अधिकारियों की विशेष टीम गठित की गई है, जो जनपद में उर्वरक एवं कीटनाशक विक्रेताओं की नियमित निगरानी कर रही है, आवश्यकता पड़ने पर औचक निरीक्षण, नमूना परीक्षण एवं लाईसेंस निरस्तीकरण जैसी कार्यवाही भी की जाएगी।
जिला प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि उर्वरक एवं कीटनाशक दवाएं केवल अधिकृत एवं पंजीकृत विक्रेताओं से ही खरीदें तथा खरीद की रसीद अवश्य प्राप्त करें। किसी भी प्रकार की अनियमितता की सूचना तत्काल जिला प्रशासन या कृषि विभाग को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्यवाही की जा सके।
उन्होंने फिर से दोहराया कि जिला प्रशासन किसानों के हितों की रक्षा हेतु पूर्णतः प्रतिबद्ध है और भविष्य में भी इस प्रकार की शिकायतों पर त्वरित एवं सख्त कार्यवाही जारी रहेगी।
पत्रकार रामजी तिवारी मड़ावरा
चीफ एडिटर टाइम्स नाउ बुन्देलखण्ड
विज्ञापन एवं जुड़ने के लिए सम्पर्क करें 👇
9455422423,9695121690




