
तालबेहट (ललितपुर) सम्पूर्ण विश्व में विश्व नवकार महामंत्र दिवस बड़े ही उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया एवं विश्व शांति की मंगल कामना की गयी। विगत वर्ष अंतर्राष्ट्रीय संस्था जीटो के द्वारा माननीय प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम के अंतर्गत 9 अप्रैल को विश्व नवकार महामंत्र दिवस मनाने की घोषणा की गयी थी। इसी क्रम में कसबे के पारसनाथ दिगम्बर जैन में विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किये गये एवं रात्रि में 1 घंटे णमोकार महामंत्र का पाठ किया। जिसमें मंदिर समिति एवं सकल दिगम्बर जैन समाज का सक्रिय सहयोग रहा। वहीं वासुपूज्य दिगम्बर जैन मंदिर में भारतीय जैन मिलन बहु मण्डल एवं वासुपूज्य जिनालय शाखा के संयुक्त तत्वाधान में विश्व नवकार महामंत्र दिवस मनाया गया। सुबह भगवान वासुपूज्य एवं मुनिसुव्रतनाथ स्वामी का अभिषेक शांतिधारा महा आरती के उपरांत विशेष पूजन विधान का आयोजन किया गया। एवं रात्रि में विश्व शांति की मंगल भावना के साथ 1 घंटे के णमोकार महामंत्र का पाठ किया। इस मौक़े पर जैन मिलन के अध्यक्ष विशाल जैन पवा ने कहा णमोकार महामंत्र अनादि काल से चला आ रहा है इसकी रचना किसी ने नहीं की, षट्खंडागम ग्रंथ में प्रथम बार इसे लिखा गया है जिसका अनादि काल से उच्चारण किया जा रहा है। यह 48 लाख मंत्रों का राजा है, सभी कार्य के प्रारंभ में निर्विघ्न पूर्णता के लिए इसी को मंगलाचरण के रूप उच्चारण किया जाता है। इस मंत्र को कोई भी, किसी भी समय, किसी भी स्थान, किसी भी अवस्था में स्मरण कर सकता है। इस मंत्र में किसी व्यक्ति विशेष को नहीं शुद्ध अवस्था को प्राप्त पवित्र आत्माओं को नमस्कार किया जाता है। पूर्ण शुद्ध आत्मा अर्थात अरिहंत और सिद्ध भगवान को और पूर्ण शुद्धि की ओर बढ़ने वाले आचार्य, उपाध्याय और साधु को इसमें नमस्कार किया गया है। इस मंत्र के उच्चारण से और इसके स्मरण से सभी पापों का अर्थात बुरे भावों का नाश होता है, इस मंत्र के उच्चारण से भय, चिंता और इच्छाओं का नाश होता है। यह एक ऐसा मंत्र है जो कुछ प्राप्ति के लिए नहीं अपितु अपने भावों की शुद्धि के लिए बोला जाता है। इसके सामूहिक उच्चारण से मन में सकारात्मक ऊर्जा उत्पन्न होती है, वातावरण पवित्र बनता है। आत्म ध्यान की साधना करने के लिए इस मंत्र का ध्यान ही सहायक है। कार्यक्रम में महेन्द्र जैन, विजय मोदी, राकेश सतभैया, जितेंद्र बड़ौरा, विकास पवा, कपिल मोदी, स्वतंत्र जैन, आदेश कुमार, सिद्ध विरधा, अभिषेक मिठया, अरविन्द, पुनीत आदि का सक्रिय सहयोग रहा। अंत में विशाल जैन पवा ने सभी का आभार व्यक्त किया।

▶️पत्रकार रामजी तिवारी मड़ावरा
▶️चीफ एडिटर टाइम्स नाउ बुन्देलखण्ड
▶️विज्ञापन एवं जुड़ने के लिए सम्पर्क करें 👇
▶️9455422423,9695121690




