जनपद में संचारी रोगों की रोकथाम के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी ललितपुर डॉ इम्तियाज अहमद ने बिरधा ब्लॉक के ग्राम रजवारा एवं कल्याणपुरा का किया भ्रमण

जनपद में संचारी रोगों की रोकथाम के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी ललितपुर डॉ इम्तियाज अहमद ने बिरधा ब्लॉक के ग्राम रजवारा एवं कल्याणपुरा का भ्रमण किया। उन्होंने स्वयं संवेदनशील क्षेत्रों (हॉटस्पॉट्स) का चयन किया और वहां के नालों, गड्ढों और जलभराव वाले स्थानों का बहुत ही बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने साफ़ तौर पर निर्देश दिए कि कहीं भी पानी जमा न हो और नालियों में नियमित रूप से एंटी-लार्वा दवाओं का छिड़काव किया जाए, ताकि मच्छर पनपने का मौका ही न मिले। कबाड़ की दुकानों और पुराने टायरों में जमा पानी को तुरंत हटवाया गया और स्थानीय सफाई कर्मचारियों को सख्त चेतावनी दी गई कि कूड़े के ढेरों का निस्तारण समय पर होना चाहिए।
उन्होंने साफ़ किया कि जनता की सेहत के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
जन-जागरुकता के स्तर पर, उन्होंने ‘दस्तक अभियान’ की तैयारियों का जायजा लिया, जहाँ आशा बहुएं और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर सर्वे करती हैं। उन्होंने ग्रामीणों को समझाया कि इस मौसम में बच्चों को पूरी आस्तीन के कपड़े पहनाना और सोते समय मच्छरदानी का इस्तेमाल करना कितना जरूरी है। उन्होंने लोगों को उथले हैंडपंपों के लाल निशान वाले पानी को न पीने की सलाह दी और शुद्ध पेयजल के महत्व को बताया। उन्होंने बताया कि इस पूरे भ्रमण का मुख्य उद्देश्य यही था कि हम सब मिलकर अपने जनपद को डेंगू, मलेरिया और अन्य संचारी रोगों से मुक्त कर सकें और हर नागरिक को सुरक्षित रख सकें। भ्रमण के दौरान पब्लिक हेल्थ स्पेशलिस्ट डॉ सौरभ सक्सेना एवं वरिष्ठ मलेरिया निरीक्षक हरिश्चंद्र नामदेव उपस्थित रहे।
▶️पत्रकार रामजी तिवारी मड़ावरा
▶️चीफ एडिटर टाइम्स नाउ बुन्देलखण्ड
▶️विज्ञापन एवं जुड़ने के लिए सम्पर्क करें 👇
▶️9455422423,9695121690




