महरौनी में मनोनीत पार्षदों का भव्य शपथग्रहण, जनसेवा व विकास का लिया संकल्प

महरौनी,ललितपुर।
शासन के निर्देशानुसार नगर पंचायत महरौनी के मनोनीत पार्षदों का शपथग्रहण समारोह सद्भावना मंच पर गरिमामयी वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री मनोहर लाल पंथ उपस्थित रहे। उनके साथ उपजिलाधिकारी रजनीश कुमार, नगर पंचायत अध्यक्ष नीलम बडौनिया एवं अधिशासी अधिकारी साक्षी साहू सहित भाजपा मंडल अध्यक्ष आशीष त्रिपाठी एवं जिला उपाध्यक्ष अरविंद कौशिक मंचासीन रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं मां सरस्वती के पूजन-अर्चन के साथ हुआ। इसके पश्चात उपजिलाधिकारी रजनीश कुमार ने सभी मनोनीत पार्षद राघवेंद्र पटेरिया (टीटू भैय्या), रवि खरे एवं दीपमाला बाल्मीकि को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस दौरान पार्षदों ने निष्ठा, ईमानदारी एवं समर्पण के साथ नगर के विकास और जनहित में कार्य करने का संकल्प लिया।
मुख्य अतिथि मनोहर लाल पंथ ने अपने संबोधन में कहा कि नगर पंचायत के विकास में पार्षदों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने सभी पार्षदों से अपेक्षा जताई कि वे सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सक्रिय योगदान दें और महरौनी को आदर्श नगर बनाने में सहयोग करें। वहीं नगर पंचायत अध्यक्ष नीलम बडौनिया ने पार्षदों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि टीम भावना के साथ कार्य करते हुए स्वच्छता, जल निकासी, सड़क एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं के विकास को प्राथमिकता दी जाएगी। मनोनीत पार्षद रवि खरे ने सरकार का आभार जताते हुए पूर्ण निष्ठा से दायित्व निभाने की बात कही! उन्होंने संगठन एवं सरकार के समन्वय से विकास कार्यों को गति देने पर बल दिया।
समारोह में नगर के गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सूर्यकांत त्रिपाठी ने सुव्यवस्थित ढंग से किया, जबकि अंत में नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि दुष्यंत बडौनिया द्वारा समस्त आगंतुकों का आभार व्यक्त किया।
संवाददाता शैलेन्द्र नायक महरौनी

▶️पत्रकार रामजी तिवारी मड़ावरा
▶️चीफ एडिटर टाइम्स नाउ बुन्देलखण्ड
▶️विज्ञापन एवं जुड़ने के लिए सम्पर्क करें 👇
▶️9455422423,9695121690




