महरौनी में धूमधाम से मनाई गई रामनवमी, अखंड रामायण पाठ और जयघोष से गुंजायमान रहा नगर

महरौनी, ललितपुर।
नगर सहित क्षेत्र में रामनवमी का पावन पर्व श्रद्धा, उल्लास और भक्ति के साथ हर्षोल्लासपूर्वक मनाया गया। सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और पूरा वातावरण “जय श्रीराम” के जयघोष से भक्तिमय हो उठा।
नगर के टीकमगढ़ रोड स्थित श्री रामजानकी मंदिर, श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर एवं श्री दीवान मंदिर प्रांगण में विधि-विधान के साथ विशेष पूजन-अर्चन, भजन-कीर्तन और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव पर पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की।
वहीं श्री राज जानकी मंदिर, रामलीला मैदान में अखंड रामायण पाठ का भव्य आयोजन किया गया, जो पूरे दिन श्रद्धा और भक्ति के साथ चलता रहा। रामायण पाठ के दौरान भक्त प्रभु श्रीराम के जीवन प्रसंगों का श्रवण कर भाव-विभोर हो उठे।
दोपहर में भगवान श्रीराम के जन्म के पावन क्षण पर विशेष आरती का आयोजन हुआ, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए। जैसे ही जन्म का शुभ समय आया, “भए प्रकट कृपाला, दीन दयाला” के साथ मंदिरों में घंटा-घड़ियाल गूंज उठे और जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
शाम के समय उत्सव का उल्लास और बढ़ गया। भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव पर आतिशबाजी की गई, जिससे पूरा नगर रोशनी से जगमगा उठा। इस अवसर पर श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण भी किया गया। पूरे दिन चले धार्मिक आयोजनों में महिलाओं, बच्चों और युवाओं ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। वहीं, सुरक्षा एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क नजर आया।
रामनवमी के इस पावन अवसर पर महरौनी का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय रहा और चारों ओर प्रभु श्रीराम की भक्ति की छटा बिखरी दिखाई दी।
▶️पत्रकार रामजी तिवारी मड़ावरा
▶️चीफ एडिटर टाइम्स नाउ बुन्देलखण्ड
▶️विज्ञापन एवं जुड़ने के लिए सम्पर्क करें 👇
▶️9455422423,9695121690




