ओवरलोडिंग और लापरवाही का खामियाजा: स्कूली बस पेड़ से टकराई, 6 छात्र घायल,

महरौनी (ललितपुर):
महरौनी कोतवाली क्षेत्र में बुधवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया, जब स्कूली बच्चों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे में 5 से 6 छात्र घायल हो गए, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार द गोल्डन सन राइज इंटर कालेज महरौनी की स्कूल बस मड़ावरा क्षेत्र से बच्चों को लेकर विद्यालय आ रही थी। जैसे ही बस छायन गांव के पास पहुंची, चालक की लापरवाही के चलते बस अचानक अनियंत्रित हो गई और पेड़ से जा टकराई। तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस में क्षमता से कहीं अधिक, करीब 100 से ज्यादा बच्चे सवार थे। अधिक संख्या में बच्चों के होने से हादसे की गंभीरता बढ़ गई। साथ ही बस की स्थिति भी जर्जर बताई जा रही है, जिससे बच्चों की सुरक्षा को लेकर विद्यालय प्रबंधन पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
घटना के बाद अभिभावकों में भारी आक्रोश देखा गया। उनका आरोप है कि स्कूल प्रबंधन नियमों की अनदेखी कर बच्चों की जान जोखिम में डाल रहा है। उन्होंने जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और स्कूल बसों की नियमित जांच की मांग की है।
*नियमों की अनदेखी बनी हादसे की वजह*
स्कूल बसों के लिए फिटनेस सर्टिफिकेट, निर्धारित सीट क्षमता, स्पीड गवर्नर, फर्स्ट एड बॉक्स और प्रशिक्षित चालक जैसे सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य है। इसके बावजूद इन नियमों की लगातार अनदेखी की जा रही है, जिससे ऐसे हादसे सामने आ रहे हैं।
*बड़ा सवाल:*
जब नियम स्पष्ट हैं, तो आखिर कब तक लापरवाही के चलते मासूम बच्चों की जान खतरे में डाली जाती रहेगी? अब सभी की निगाहें प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं।
संवाददाता शैलेन्द्र नायक महरौनी
▶️पत्रकार रामजी तिवारी मड़ावरा
▶️चीफ एडिटर टाइम्स नाउ बुन्देलखण्ड
▶️विज्ञापन एवं जुड़ने के लिए सम्पर्क करें 👇
▶️9455422423,9695121690




