टाइम्स नाउ बुन्देलखण्डधर्मललितपुरसनातन धर्म

भगवान की भक्ति से ही मानव जीवन का कल्याण संभव : स्वामी बाल भरत श्री तुवन मंदिर में कथा के दूसरे दिन भगवान के 24 अवतारों का किया वर्णन

ललितपुर। स्थानीय सिद्धपीठ तुवन हनुमान मंदिर प्रांगण में आयोजित सप्तदिवसीय श्रीमद्भागवत कथा के तृतीय दिवस पर अयोध्या धाम से पधारे कथावाचक स्वामी बाल भरत जी महाराज ने कहा कि सम्पूर्ण विश्व के कल्याण का भाव केवल सनातन धर्म में निहित है। भगवान का सत्संग और उनकी कथा समस्त लोकों का हित करने वाली तथा जीव के मंगल का मार्ग प्रशस्त करने वाली है। स्वामी बाल भरत ने कहा कि भगवान का नाम, रूप, लीला और धाम सभी पुण्य प्रदान करने वाले हैं। भगवान की कथा वस्तुत: भगवान का ही स्वरूप है। जिस हृदय में कथा बस जाती है, उसे भगवान की प्राप्ति अवश्य होती है। सत्संग का प्रत्येक क्षण मनुष्य के समस्त पापों का नाश करने वाला होता है। उन्होंने धर्मसभा को संबोधित करते हुए कहा कि ऋषि शौनक आदि ने सूत जी महाराज से जो छह प्रश्न पूछे थे, उन्हीं के उत्तर श्रीमद्भागवत के रूप में प्रकट हुए। इसी प्रकार राजा परीक्षत शुकदेव जी महाराज से जो प्रश्न किए, वही श्रीमद्भागवत कथा का आधार हैं। यह कथा जन्म और मरण के रहस्य को समझाने वाली दिव्य कथा है। महाराज ने कहा कि पाश्चात्य संस्कृति का अंधानुकरण समाज को पतन की ओर ले जा रहा है। भगवान की कथाओं के श्रवण से ही मानव जीवन का कल्याण संभव है। माता-पिता का प्रथम कर्तव्य है कि वे अपने बच्चों को भारतीय संस्कृति और सनातन धर्म के संस्कार दें। संस्कारों का पहला केंद्र परिवार होता है और वहीं से समाज का निर्माण होता है। कथा के दौरान स्वामी बाल भरत जी ने श्रीमद्भागवत में वर्णित भगवान के 24 अवतारों का उल्लेख करते हुए भगवान शिव-पार्वती की अमर कथा, शुकदेव जी महाराज के जन्म तथा महाभारत युद्ध के उपरांत की घटनाओं का भी वर्णन किया। उन्होंने बताया कि अश्वत्थामा द्वारा पांडवों के पुत्रों की हत्या के बाद उत्तरा के गर्भ की रक्षा कर भगवान श्रीकृष्ण ने महाराज परीक्षित के जन्म का मार्ग प्रशस्त किया। उन्होंने माता कुंती की भक्ति का उल्लेख करते हुए बताया कि जब भगवान श्रीकृष्ण ने उनसे वरदान मांगने को कहा तो माता कुंती ने विपत्तियों का वरदान मांगा, क्योंकि विपत्ति में ही मनुष्य भगवान का स्मरण करता है। कथा का आयोजन प्रतिदिन दोपहर 1:30 बजे से किया जा रहा है। कथा के प्रारंभ में प्रतीक जैन, प्रसन्न जैन एवं कल्याण सिंह यादव ने पोथी पूजन एवं व्यास पूजन किया। इस अवसर पर महंत रामलखन दास जी महाराज, मनोहर लाल पंथ राज्य मंत्री, धर्मेन्द्र रावत, व्यानुजकांत दीक्षित, अभिषेक पांडेय, आशीष बिरौरिया, अवध बिहारी उपाध्याय, सोनू चौबे, दीपक राठौर, लखन लाल तिवारी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

पत्रकार रामजी तिवारी मड़ावरा
चीफ एडिटर टाइम्स नाउ बुन्देलखण्ड
विज्ञापन एवं जुड़ने के लिए सम्पर्क करें 👇
9455422423,9695121690

Share this post to -

Related Articles

Back to top button