किसानों की विभिन्न प्रकार की समस्याओं के प्रभावी निस्तारण हेतु जिलाधिकारी ने ली बैठक किसी भी स्तर पर किसानों को उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं, मण्डी, बैंक और बीमा कम्पनियां, शासन के निर्देशानुसार करें कार्य: डीएम

* किसानों की फसल का एक-एक दाना क्रय करेंगे मण्डी व्यापारी, नगर भुगतान होगा सुनिश्चित
* प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में पॉलिसी डाउनलोड करने का दिखाया लाइव डेमो
* कृषि कार्य के लिए अच्छी गुणवत्ता वाले विद्युत तारों का प्रयोग करने हेतु किसानों से की अपील
ललितपुर।
कृषक हितों के प्रति बेहद संवेदनशील जिलाधिकारी सत्य प्रकाश ने शुक्रवार को किसानों की विभिन्न प्रकार की समस्याओं के प्रभावी निस्तारण हेतु कलैक्ट्रेट सभागार में कृषक संगठनों व सम्बंधित अधिकारियों के साथ आवश्यक बैठक कर दिशा निर्देश दिये। उन्होंने अधिकारियों व बीमा कम्पनियों के प्रतिनिधियों को स्पष्ट निर्देश दिये कि किसी भी स्तर पर किसानों का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, चाहे मण्डी हो, बैंक हो या बीमा कम्पनी, किसानों के प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित कराया जाए, यदि इसमें कहीं से भी लापरवाही या अनावश्यक विलम्ब की शिकायत आती है तो उसके विरुद्ध सख्त कार्यवाही की जाएगी।
बैठक में जिलाधिकारी के निर्देश पर सभी किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में पॉलिसी डाउनलोड करने का डेमो दिखाया गया, जिसके लिए किसानों को अपने मोबाइल पर गूगल ब्राउजर पर जाकर प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की वेबसाइट पर जाकर अपना मोबाइल नम्बर दर्ज करके लॉगइन करना होगा, फिर इसके बाद पॉलिसी ऑप्शन सिलेक्ट करके डाउनलोड फाइल पर क्लिक करके पॉलिसी डाउनलोड करनी होगी। मौके पर कई किसानों ने अपने मोबाइल पर पॉलिसी डाउनलोड करके दिखायी।_ *जिलाधिकारी ने ईडीएम को निर्देश दिये कि सभी कॉमन सर्विस सेन्टरों पर इस प्रक्रिया को भिजवाकर उन्हें निर्देशित करें कि किसानों को पॉलिसी डाउनलोड करके उपलब्ध करा दें।
इसके उपरान्त कृषकों द्वारा जिलाधिकारी को अपनी-अपनी समस्याएं बतायी गईं, जिसमें मण्डियों में किसानों की उपज का गड्ढायुक्त सड़कों पर तौल कराना व उपज की निचली परत की तौल न करना, व्यापारियों द्वारा मनमाने दाम चलाना और किसानों को नगद भुगतान न देकर उनके परिचितों की दुकानों के नाम पर्ची बनाने जैसी समस्याएं बतायी गईं। इस पर जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व को निर्देश दिये कि मण्डी अधिकारियों व व्यापारियों के साथ बैठक कर किसानों का नगद भुगतान की प्रक्रिया सुनिश्चित करायें, साथ ही यह भी आदेश जारी करें कि किसानों द्वारा लायी गई उपज का एक-एक दाना तौलकर निर्धारित मूल्य पर ही क्रय किया जाएगा, चाहे वह मात्रा कितनी भी हो।
जिलाधिकारी ने जनपद के किसानों से यह भी अपील की कि वे कृषि कार्यों में कॉपर की प्लेटिंग वाला सफेद तार या घटिया क्वालिटी के विद्युत तारों का प्रयोग न करें, क्योंकि विद्युत से हुई दुर्घटनाओं में इन्हीं कारणों से किसानों को मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना का लाभ नहीं मिल पाता है, इसलिए अपनी सुरक्षा के लिए अच्छी क्वालिटी का विद्युत तार इस्तेमाल करें।
बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी शेषनाथ चौहान, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अंकुर श्रीवास्तव, अग्रणी बैंक प्रबंधक रंजीत कुमार, एडीएफओ, उप निदेशक कृषि, जिला कृषि अधिकारी, एआर कॉपरेटिव, मण्डी सचिव सहित अन्य सम्बंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
पत्रकार रामजी तिवारी मड़ावरा
चीफ एडिटर टाइम्स नाउ बुन्देलखण्ड
विज्ञापन एवं जुड़ने के लिए सम्पर्क करें 👇
9455422423,9695121690




