*महरौनी के मिदरवाहा विद्यालय में प्रधानाध्यापक पर गंभीर आरोप,*
*मानसिक उत्पीड़न से शिक्षामित्र ने छोड़ा स्कूल, अन्य शिक्षिकाओं ने भी खोला मोर्चा,*

महरौनी, ललितपुर।
जनपद में शिक्षामित्रों के शोषण के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। ताजा मामला विकासखंड महरौनी अंतर्गत ग्राम पंचायत मिदरवाहा के संविलियन उच्च प्राथमिक विद्यालय का है, जहां प्रधानाध्यापक पर महिला शिक्षामित्र से बदसलूकी, जातिसूचक शब्दों का प्रयोग और मानसिक उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगे हैं। आरोपों से आहत शिक्षामित्र ने भय और अवसाद के चलते विद्यालय जाना बंद कर दिया है तथा डॉक्टर की सलाह पर उपचार भी ले रही है।
पीड़िता शिक्षामित्र साधना पस्तोर ने 21 नवंबर 2025 को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को शिकायती पत्र देकर प्रधानाध्यापक के खिलाफ जांच व कार्रवाई की मांग की थी। शिकायत में बताया गया कि 21 नवंबर को विद्यालय पहुंचने पर प्रधानाध्यापक ने गेट पर रोककर अभद्रता की और आकस्मिक अवकाश चढ़ाने की बात कही। विरोध करने पर नौकरी से निकलवाने की धमकी देते हुए जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया गया। पीड़िता का आरोप है कि प्रधानाध्यापक मिड-डे मील में अधिक उपस्थिति दर्ज कराने का दबाव बनाते हैं और समय से पहले हस्ताक्षर कराकर बाद में ब्लैकमेल करते हैं।
*अन्य शिक्षिकाओं ने भी लगाए उत्पीड़न के आरोप*
घटना के बाद विद्यालय की अन्य महिला शिक्षिकाएं और शिक्षामित्र भी खुलकर सामने आई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानाध्यापक द्वारा लंबे समय से मानसिक उत्पीड़न किया जा रहा है तथा नियमों के विपरीत कार्य करने का दबाव बनाया जाता है। विरोध करने पर फंसाने और कार्रवाई की धमकी दी जाती है।
*शिक्षक पर पहले भी हो चुकी है विभागीय कार्रवाई*
बताया गया कि आरोपी शिक्षक पर पूर्व में भी विवादित बयानों को लेकर निलंबन की कार्रवाई हो चुकी है। साथ ही उन्हें दूसरे ब्लॉक में नियुक्त करने के निर्देश भी दिए गए थे, लेकिन कथित तौर पर विभागीय सांठगांठ से उन्होंने पुनः महरौनी ब्लॉक में ही तैनाती करा ली।
अब जब विद्यालय की महिला शिक्षिकाएं एकजुट होकर सामने आई हैं, तो यह देखना होगा कि विभाग मामले में कब तक जांच कराकर दोषियों पर कार्रवाई करता है।
पत्रकार रामजी तिवारी मड़ावरा
चीफ एडिटर टाइम्स नाउ बुन्देलखण्ड
विज्ञापन एवं जुड़ने के लिए सम्पर्क करें 👇
9455422423,9695121690




