*महरौनी में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, अद्वैत आश्रम आनंदपुर के गुरु महाराज का भव्य स्वागत,*
*अंखडधाम आश्रम में भजन-कीर्तन, पुष्पवर्षा और सामूहिक आरती के बीच गूंजे जयघोष,*

महरौनी, ललितपुर।
कस्बे के अंखडधाम आश्रम में बुधवार को आध्यात्मिक वातावरण उस समय भक्तिमय हो उठा, जब अद्वैत मठ के षष्ठम पादशाही पूज्य श्री स्वामी विचारपूर्ण आनंद जी गुरु महाराज का शुभागमन हुआ। गुरु महाराज के आगमन की सूचना मिलते ही क्षेत्रभर से सैकड़ों श्रद्धालु अंखडधाम आश्रम पहुंच गए और दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
गुरु महाराज के स्वागत हेतु आश्रम प्रांगण को भव्य रूप से सजाया गया था। श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर, जयघोष के साथ उनका भावपूर्ण अभिनंदन किया। इस दौरान भजन-कीर्तन, मंत्रोच्चार और धार्मिक ध्वनि के बीच पूरा वातावरण आध्यात्मिक रंग में रंग गया।
*श्रद्धालुओं ने गुरु चरणों में शीश नवाकर लिया आशीर्वाद*
कार्यक्रम में महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने गुरु चरणों में शीश नवाकर मंगलकामना और आध्यात्मिक मार्गदर्शन प्राप्त किया।
*प्रवचन में दिया सदाचार, सेवा और भक्ति का संदेश*
अपने संक्षिप्त प्रवचन में गुरु महाराज ने मानव जीवन में सदाचार, सेवा और भक्ति को अत्यंत आवश्यक बताया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में आध्यात्मिक साधना ही मनुष्य को शांति, संतुलन और सकारात्मक ऊर्जा प्रदान कर सकती है।
गुरु महाराज ने सभी श्रद्धालुओं को आपसी प्रेम, सहयोग और नैतिक मूल्यों को अपनाने का संदेश भी दिया।
*दर्शन एवं प्रसाद वितरण की रही सुचारु व्यवस्था*
कार्यक्रम के दौरान व्यवस्था समिति के सेवादारों द्वारा श्रद्धालुओं के लिए सुचारु दर्शन व्यवस्था एवं प्रसाद वितरण की व्यवस्था की गई। आयोजन में अनुशासन और श्रद्धा का विशेष माहौल देखने को मिला।
*सामूहिक आरती के साथ हुआ समापन*
कार्यक्रम के अंत में सामूहिक आरती का आयोजन किया गया, जिसके पश्चात गुरु महाराज ने सभी श्रद्धालुओं को मंगलमय जीवन का आशीर्वाद प्रदान किया।
अंखडधाम में हुए इस आध्यात्मिक आयोजन ने क्षेत्रवासियों के मन में नई ऊर्जा, आस्था और उत्साह का संचार किया।
पत्रकार रामजी तिवारी मड़ावरा
चीफ एडिटर टाइम्स नाउ बुन्देलखण्ड
विज्ञापन एवं जुड़ने के लिए सम्पर्क करें 👇
9455422423,9695121690




